Friday, 15 June 2012


वो कोई और नहीं


करवटें बदलता हूँ रात में जिसके साथ,  
वो रोज़ सुबह, चाय पीने आता है,  
 
पलटता हूँ अख़बार के पन्नो में जिसे,
आईने में भी वही दिखाई देता है,


जैसे-जैसे दिन चढ़ता है,
उससे मिलन और बढ़ता है,
हर कदम पर, हर राह में,
हर बात में, हर चाह में,
वही मिलता है, वही रहता है,


कहता है, वो मेरा तभी होगा जब,
मैं सब भूलकर, सिर्फ उसे याद रखूं
पाने की उसे पूरी कोशिश करूँ


वो चाहता है मुझसे,
थोडा और प्रयास, थोडा और प्रदर्शन,
वो मांगता है मुझसे,
थोडा और त्याग, थोडा और समर्पण,

वो जो चाहता है, मैं दूंगा उसे, क्यूंकि

वो कोई और नहीं,
मेरा अपना है, मेरा सपना है








Monday, 11 June 2012


बारिश आनेवाली है

लगता है बारिश आने वाली है,
हवाएं कुछ सीली सीली हैं,छायेंगी घटाएं, गरजेंगे बादल,
हर तरफ मची होगी हलचल,
होगा पानी ही पानी हर ओर,

कुछ भागेंगे, इधर उधर, 
कुछ भीगेंगे, करेंगे ग़दर,कुछ को बारिश में मज़ा आएगा,
कोई गरीबी की सजा पायेगा,

कहीं टपकती छत, छलकती आँख होगी,आयी किसी पेड़ पे नयी शाख होगी,
कहीं पकोड़े, चाय की चुस्कियां होंगी,
कहीं यादों की हिचकियाँ होंगी,
कहीं फंसा होगा जीवन सडकों के गड्ढो में,
कहीं होगी मस्ती दारू के अड्डो पे,



फिर जब थमेगी बारिश 
बाहर से सब लगेगा नया नया सा, धुला धुला सा, 
पर अन्दर जमी होगी वही धूल, लगे होंगे जाले, कालक  
काश कहीं, कोई ऐसी भी बारिश होती,
जो अंतरमन के मैल को भी धो डालती

लगता है बारिश आने वाली है,
हवाएं कुछ सीली सीली हैं,



चल तू चल


आँधियों को ओढ़ के, चट्टानों को तोड़ के, 
कठनायियो को मरोड़ के, चल तू चल, क्यूंकि रुकना मना है, झुकना मना है,

चिंगारियों को समेट के, खुद पे तू लपेट के,
अँधेरे को जला के, चल तू चल,  क्यूंकि रुकना मना है, झुकना मना है,

पथरीले पथ को बना सेज तू, सूरज को दिखा अपना तेज़ तू, 
तूफानों में मुस्कुरा के चल तू चल,  क्यूंकि रुकना मना है, झुकना मना है,

चल तू चल,  क्यूंकि रुकना मना है, झुकना मना है,